My Blog List

Wednesday, August 19, 2009

जिन्ना तो जैसे, मक्का हो गया !

इस कलयुग में,कम-से-कम दो का तो,
जन्नत पाना पक्का हो गया,
आज इन राम-भक्तो के लिए,
जिन्ना तो जैसे, मक्का हो गया !

पहले तो खूब जी भरकर,
बस हिंदुत्व का ही राग अलापा,
कन्याकुमारी से कश्मीर तक,
रथ चढ़ के राम का नाम जापा !

चढावे पे हाथ साफ़ कर चुके तो,
जाम रथ का चक्का हो गया,
आज इन राम-भक्तों के लिए,
जिन्ना तो जैसे, मक्का हो गया !

पहले लाल-हरे कृष्ण हो गए थे,
अबके हनुमान कर गया काम,
घर का भेदी ही लंका ढा गया,
अब तेरा क्या होगा, हे राम !

जिसे तराशा सांचे ढाल कर,
खोटा वह टक्का हो गया,
आज इन राम-भक्तों के लिए,
जिन्ना तो जैसे,मक्का हो गया !

Friday, August 14, 2009

सुन लो पुकार, हे कृष्ण !




:
:
:
:
:
:
:
:
:
हे कान्हा!अब आ भी जाओ, बचा न सब्र कुछ शेष ,
जरुरत महसूस करे तुम्हारी, अरसे से यह देश !

आओ बनकर चाहे तुम ग्वाला, या बन जावो नंदलाला,
देबकीनंदन सुत बनके,लियो चाहे रिझाइ तुम बृजबाला !
बस तुम अब आ भी जावो, धरकर अवतारी भेष,
जरुरत महसूस करे तुम्हारी, अरसे से यह देश !!

कर्म,उपासना अब कष्ट हो गए,ईमान-निष्ठां नष्ट हो गए,
झूठ-फरेब में उलझे सब है, धर्म गुरु भी भ्रष्ट हो गए !
व्यभिचार के दल-दल में डूबे,दरवारी और नरेश,
जरुरत महसूस करे तुम्हारी, अरसे से यह देश !!

संकट में है आज वो धरती, जिसपर तुमने जन्म लिया,
मत भूलो, इसकी रक्षा का, तुमने था इक बचन दिया !
पूरा करो उसे हे कृष्ण! दिया गीता में जो उपदेश,
जरुरत महसूस करे तुम्हारी, अरसे से यह देश !!

हे कान्हा! अब आ भी जाओ, बचा न सब्र कुछ शेष ,
जरुरत महसूस करे तुम्हारी, अरसे से यह देश !


- सभी पाठकों को मेरी तरफ से जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाये !

Monday, August 10, 2009

एक हसीं ख्वाब !

अश्रु पीकर मुस्कुराना चाहती है जिन्दगी,
फिजा को छोड़ बहार पाना चाहती है जिन्दगी,
कांटे युं तमाम देह से अबतक निकाल न पाये मगर,
इक फूल का बोझ फिर भी उठाना चाहती है जिन्दगी !

अब तक तो इस दिल की हमने एक न मानी,
ख्वाबों के बीहडों मे ही शकून-ए-खाक छानी,
हरयाली से आछादित किन्ही खुशनुमा वादियों मे,
मधुर प्यार भरा गीत गुनगुनाना चाहती है जिन्दगी !

छोडकर बेदर्द जहां के सारे दर्द-ओ-गम,
इक साज-ए-नुपुर पर ही मुग्ध हो जाये हम,
विरह की पीडा हमे भी मह्सूस होने लगे ऐसे,
उस इन्तजार मे पलके बिछाना चाहती है जिन्दगी !

जहा दर्मियां हमारे कोई और न हो,
जमाने की बन्दिशो का कोई जोर न हो,
गुजार सके पह्लु मे जिसकी कुछ पल चैन से,
चूडी-कंगन से भरा वह सिरहाना चाहती है जिन्दगी !

नोट: किसी रचनाकार(नाम नही मालूम) की एक बहुत पुरानी खुबसूरत गजल “ मेरी तमन्ना” की तर्ज पर मैने यह भाव युवा पीढी के मनोरंजनार्थ लिखे है, इन्हे कृपया अन्यथा न ले !

’अलीबाबा और पांच सौ बयालीस चोर’

न सावन की रिमझिम, न पवन करे शोर
कण-कण मे फैला है, भ्रष्ठाचार चहुं ओर
नित महंगाई, बढती जा रही है घनघोर
जन-जन त्रस्त यहां, छटपटाता हर छोर,
उसपर खजाना लिये बैठ मौज उड़ा रहे,
अलीबाबा और पांच सौ बयालीस चोर !

हवालात मे खूब मौज कर रहे है बन्दी
कोतवाल बिठाये रखे है ये अपने पसन्दी
कचहरी मे छाई है तठस्थ जजो की मन्दी
अन्धा-कानून नाचे इनके आगे जैसे मोर,
उसपर खजाना लिये बैठ मौज उड़ा रहे,
अलीबाबा और पांच सौ बयालीस चोर !

नचा रही है इन सबको, वहां एक हसीना
नाच रहा आज यहां खूब हर एक कमीना
घर-घर पे क्रोस लगाने को बेताव मर्जीना
उडेलना छोड, तेल लगाती इनपर पुरजोर
उसपर खजाना लिये बैठ मौज उड़ा रहे,
अलीबाबा और पांच सौ बयालीस चोर !

मर्जीना का नया फन्डा असरदार निकला
अलीबाबा ही चोरों का सरदार निकला
दल-दल मे डूबा हरइक किरदार निकला
रख दिया जन-मानस को करके झकझोर,
उसपर खजाना लिये बैठ मौज उड़ा रहे,
अलीबाबा और पांच सौ बयालीस चोर !

Tuesday, August 4, 2009

रक्षाबंधन पर !


प्रिय कलयुगी भाइयों (बहनों के) ,
आज रक्षाबंधन है , भाई-बहन के प्यार और पवित्र बंधन का त्यौहार ! जैसा कि आप जानते ही होंगे कि पुराने जमाने में जब लोग वीर होते थे, सतयुगी थे, उस जमाने में वे इस त्यौहार पर बहन को हर हाल में उसकी रक्षा का वचन देते थे ! कहते है कि गहने स्त्री की शोभा होते है, और इसी लिए रक्षा बंधन के दिन भाई लोग अपनी सामर्थ्य के हिसाब से बहनों को उपहार स्वरुप गहने देते थे ! आज आप भी दफ्तर में, बाजार में, सडको पर, घर पर माँ-बहनों को देखते होंगे, खाली गर्दन, कानो पर नकली टोप्स, हाथो में नकली कड़े ! वो इसलिए नहीं कि सोना महंगा हो गया और वे खरीद नहीं सकते, वो सिर्फ इसलिए कि आपका दूसरा कलयुगी भाई झपटमार है (इसीलिए इस कलयुग में भाई के म्याने भी बदल गए, अंडरवल्ड की दुनिया में सबसे शातिर किस्म के बदमाश को भाई कहते है ) चेन के लिए बहन की गर्दन भी काट सकता है! आज शहरों में हमारी ज्यादातर बहने, अपने पैरो पर खड़े होने की कोशिश कर रही है,मगर बुनियादी सुबिधावो के नाम पर हमने उन्हें क्या दिया? अरे ! हम तो जहां-तहां अपनी बेशर्मी की मिशाल प्रस्तुत कर देते है, क्या कभी आपने यह जानने की कोशिश की कि हमारी बहनों के लिए शहर में,बस स्टोप्स के आसपास कितने शौचालय बने हुए है? क्या उन्हें इसकी जरुरत महसूस नहीं होती?


अधफटे लिफाफे के अन्दर,
कागज़ के चंद टुकडो में,
चन्दन-अक्षत की
पुडिया संग लिपटा पडा था....
शहर की मुख्य सड़क किनारे,
कूडेदान के बाहर,
उसे देखते ही लगता था,
मानो किसी ने उसे
बड़े प्यार से सहेजा था !
हवा के झोंको संग
फडफडाता....
मंजिल पे पहुँचने को बेताब,
वह धागा,
शायद कहीं दूर से,
अपने भाई के लिए
किसी बहन ने भेजा था !!

धागे के मध्य में जड़ा
चमकता वह सितारा ,
लिफाफे के उस खुले भाग से,
बाहर झाँकने की कोशिश करता
हर आने-जाने वाले को,
यूँ देखता मानो,
वह शहर,
अभी-अभी जागा है !
उसे नहीं मालूम
कि दुनिया,
कहाँ की कहाँ चली गई,
प्रगति के पथ पर,
जिसमे बहन की आबरू
सड़को पर विखर जाती है ,
वह तो फिर भी
सिर्फ इक धागा है !!

Saturday, August 1, 2009

आँखों की नुमाइश !

काली रात और सावन की,
घनघोर घटा छाई थी...
अरसे बाद आँखों ने,
इक सपनो भरी नींद पाई थी !
मीठी नींद- मीठा स्वप्न,
खण्डित नींद-बुरा स्वप्न...
मीठा और बुरा...
दोनों ही प्रकार मौजूद थे,
कैसे श्रेणी-वद्ध करूँ ?
समझ नहीं पा रहा,
कि सपना जो मैंने देखा,
उसे कौन से में धरूँ ?


कहीं घूम आने की चाह,
मेरे दिल में जगी थी ...
और सुप्त चेतना मुझे
स्वप्न-लोक की,
सैर कराने लगी थी !
मैं जा पहुंचा हरियाली से आच्छांदित,
उस ख़ूबसूरत सी जगह पर...
और पहुंचा आखिर उस मॉल में,
आँखों की नुमाइश लगी थी
जहां, एक बड़े से हाल में !


समूचे जगत की आँखे,
मौजूद थी वहाँ...
और बांधा था,
उन भिन्न प्रकार की आँखों ने,
इक ख़ूबसूरत सा समा !
नीली-भूरी, काली-काली
बड़ी-बड़ी आँखे,छोटी-छोटी आँखे....
झील सी गहरी मोटी-मोटी आँखे !


मैं बस डूबता ही जा रहा था,
गहराइयों में,
उन प्यारी-प्यारी आँखों की...
कि तभी ठिठककर,
रुक गया, देखकर कोने में...
एक कुटारी आँखों की !
भिन्न तरह की कुछ आँखे....
सफ़ेद घूँघट के बीच...
बिलखती और रोती,
धोती के आँचल को भिगोती !
उस गीले आँचल को देख,
मैं सोच रहा था, कि...
शायद इन आँखों का,
दिल बहुत रोया है,
देश-हित के नाम पर,
अभी-अभी शायद इन्होने,
कोई अपना सगा खोया है !

कुछ और आँखे जो,
बदरंग पैंट-कमीज में लिपटी,
अलसाई और सोती हुई...
बयाँ कर रही ,
कार्यपालिका की खूबी थी,
और कुछ,
सफ़ेद खादी एवं कोट-टाई के बीच,
पडी मदमस्त,
मद्य-भाव में डूबी थी !
नीचे लिखा था;
'मेड इन इंडिया' यह सब देख...
सूख रही थी जान,
उसके भी नीचे
किसी मसखरे से सैलानी ने...
एक और चिप्पी चेप दी थी,
लिखा था, 'मेरा भारत महान' !

Friday, July 31, 2009

अहमियत-ए-प्यार !


:
:
:
:
:
:
:
:
:
:
:
:
:
:
:
:
लौट आये पहलू में फिर से, उनके पुचकारने के बाद,
जाते भी और कहाँ भला हम, थक हारने के बाद !
प्यार की अहमियत तनिक उस ग़मख़्वार से पूछो,
मुहब्बत नसीब हो जिसे ढेरो, झक मारने के बाद !!

साहिल पे बैठ वो थामकर हाथो में चप्पू घुमाते रहे,
हमारे प्यार की कश्ती को भंवर में उतारने के बाद !
मै भला कैसे कोई हसीं ख्वाब दिल में सजा पाता,
सब्ज़ बाग़ दिखाया भी गया,मगर दुत्कारने के बाद !!

चमन-बहारों की चाह में गर्दिशों की खाक हमने छानी,
खाली हाथ लौट आये,वक्त-ए-तूफां में गुजारने के बाद !
अब तो यही कह उनका सुबह-शाम शुक्रगुजार करते है,
कि आप ही घर लौटा लाये है हमें, सुधारने के बाद !!

हाल-ए-वक्त उन पर न्योछावर कर दी सारी हसरतें,
जाम उल्फ़त पिलाये रहे गफ़लत से उबारने के बाद!
प्यार की अहमियत तनिक उस ग़मख़्वार से पूछो,
मुहब्बत नसीब हो जिसे ढेरो, झक मारने के बाद !!

Tuesday, July 28, 2009

इन्द्रदेव मेहरबान हुए भी तो...!



आसमां ने भी दिखा दिया,
अपने इन्द्रदेव क्या हस्ती है !
झमाझम बरसात हो रही,
हर तरफ सावन की मस्ती है !

पानी-पानी हो गई राजधानी,
बारिश की चर्चा हर एक ज़ुबानी !
जहां चलती थी कारे कल तक,
आज चल रही कश्ती है !

एक दिन में ये हाल हो गया,
हर बाशिंदा बेहाल हो गया !
कीचड के सैलाब में घिरकर,
डूबी सारी की सारी बस्ती है !

अब रुकती बारिश दिन-रैन नहीं,
इंसान को कहीं भी चैन नहीं !
कलतक बिनबारिश जीवन महंगा था,
अब मौत हो गई सस्ती है !

Friday, July 24, 2009

चलो, इक नया उल्फ़त का तराना ढूंढ लाते है !


आओ चले, हम भी इक नया उल्फ़त का तराना ढूंढ लाते है,
रिमझिम की ठंडी फुहारों में, मौसम वो पुराना ढूंढ लाते है !

बेचैन हर वक्त किये रहती है अब तो, ये दिल की हसरत,
कहीं दूर इसके निकलने का, उम्दा सा बहाना ढूंढ लाते है !

धुंधला गए, लिखे थे जो मुहब्बत के चंद अल्फाज हमने,
दिलों पर लिखने को फिर इक नया अफसाना ढूंढ लाते है !

हमारी जिन्दगी का हर लम्हा यूँ तो एक खुली किताब है,
खामोशियों में भी जो हकीकत लगे ऐसा फसाना ढूंढ लाते है !

दिल खोल के खर्च करने पर भी जो ख़त्म न हो ताउम्र,
समर्पण का कुछ ऐसा ही अनमोल, खज़ाना ढूंढ लाते है !

बैठ तेरी जुल्फों की घनेरी छाँव तले, फुरसत के कुछ पल,
गुजर सके जहाँ सकूँ से वह महफूज, ठिकाना ढूंढ लाते है !

Wednesday, July 22, 2009

सूरज चाँद से मिला !



आज तडके,
दूर गगन में,
एक अरसे के बाद,
फुरसत से,
सूरज अपनी महबूबा,
चाँद से मिला,
और कुछ पलों तक
दोनों एक दूसरे को
निहारते रहे, जी भर के !

भले ही उनका
यह मधुर मिलन,
देखने वालो को,
खूब भा गया !
मगर सोचता हूँ कि,
वो मिले तो आसमां में थे,
फिर धरा पर क्यों,
अँधेरा छा गया ?

फिर सोचता हूँ कि हो न हो,
ये आशिक अभी भी
पुराने ख्यालातों के है,
इनपर अभी तक,
पश्चिम का जादू नहीं चला !
वरना इसतरह,
रोशनी बुझाकर क्यों
अँधेरे मे एक दूसरे को,
प्यार करते भला ?

Tuesday, July 21, 2009

आज एक आम आदमी रोता है !

लोकतंत्र की खटिया पर जहां हर नेता,
भ्रष्टाचार की चादर ओढ़ के सोता है !
सवा सौ करोड़ के इस बीहड़ में यारो,
आज एक आम आदमी रोता है !

कर्तव्य गौण, हुआ प्रमुख आसन,
निकम्मा, सुप्त पडा वृथा-प्रशासन !
लाज बचाती फिर रही द्रोपदी,
चीर हर रहा हरतरफ दुश्शासन !

धोये जिसने पग मर्यादा पुरुषोतम के ,
वही केवट अब दुष्ट-धूमिल पग धोता है !
सवा सौ करोड़ के इस बीहड़ में यारो,
आज एक आम आदमी रोता है !

चुनाव बन गया इक गड़बड़झाला,
परिवारवाद का बढ़ गया बोलबाला !
न्याय माँगता फिर रहा है दुर्बल,
फरियाद न यहाँ कोई सुनने वाला !

ओंट में वातानुकूलन की, अलसाया अफसर
घोटाले की परिक्रामी कुर्सी पर पसरा होता है !
सवा सौ करोड़ के इस बीहड़ में यारो,
आज एक आम आदमी रोता है !

कभी मुद्रास्फिती, तो कभी रिशेसन,
इसी अर्थशास्त्र में फंसा है जन-जन !
खाद्यानों के आसमान छूं रहे दाम है,
यूँ कहने को देश में है मुद्रासंकुचन !

जहां सब कुछ मंहगा, मौत है सस्ती,
गरीब अपनी लाश काँधे पे रखकर ढोता है !
सवा सौ करोड़ के इस बीहड़ में यारो,
आज एक आम आदमी रोता है !

शर्मशार हो गई पतित नैतिकता,
शरमो-हया को खा गई नग्नता !
संस्कृति नाच रही आज पबो में,
सभ्यता बन गई समलैंगिकता !

हँसते-रोते गुजरे जो अपनों के संग ,
वह बचपन अब मदमस्त नशे में खोता है !
सवा सौ करोड़ के इस बीहड़ में यारो,
एक अकेला आम आदमी रोता है !
-पी.सी. गोदियाल

Saturday, July 18, 2009

मत भूल तू चूडी है !

इतरा न ढलते योवन पर,
हो गई अब तू बूढी है !
ढबका लगा नहीं कि टूट गई,
अरे मत भूल तू चूड़ी है !

अरे मत भूल तू चूडी है,
यह चूडी से कहे कंगना !
खनक जितना खनकना है,
फिरे बाजार या बैठ अंगना !!

क्यों भरमाये भरम रही तू,
कांच के सांचे ढली हुई है !
नीलम-पुखराज जड़े मुझमें,
तू इर्ष्या से क्यों जली हुई है ?

यहाँ हर वह जो चमकता है,
वह सोना नहीं होता है!
साथ ही रहते हम तुम दोनों,
पर हममे फर्क यही होता है !!

इक दिन टूटकर बिखरना है,
मैं कंगन फिर भी हाथ रहूंगा !
कल नई चुडियाँ खनकेगी,
और मैं उनके साथ रहूंगा !!

संवरले आज भले ही जितना,
श्रृंगार कोई वजन नही रखती !
तू चूडी है,सदा चूडी ही रहेगी,
कभी कंगन नही बन सकती !!

होमगार्ड !

पिछले सात सालो से,
वह होमगार्ड था,
महानगरी की सडको पर
कहीं सरपट भागते
और कहीं पर,
कछ्वे की चाल चलते
यातायात का,
मुसलाधार बारिश में भीगकर,
चिलचिलाती हुई धूप में तपकर
वह अपने गंतव्य को
जाने वालो के लिए,
रास्ता मुहैया करवाता था !

अपना कर्तव्य निभाते
दिनभर के थके-हारे
को कल शाम,
एक तेज रफ़्तार कार ने
चौराहे पर ही
मौत की नींद सुला दिया,
और आज
सूर्य निकलते ही,
वह होमगार्ड का जवान,
नींद में ही,
कुछ अपनों के कंधो का
सहारा लेकर,
निकल पडा था अपने
अंतिम पडाव की ओर,

अभागे की किस्मत और,
आधुनिकता की
ड्राइविंग सीट बैठे
मानव की खुदगर्जी देखो,
जिनके लिए वह कल तक
चलने को रास्ता बनाता था,
उन्ही ने उसे
पूरे आधे घंटे तक
सड़क पार नही करने दी,
यह जानते हुए भी कि
अब केवल आख़िरी बार उसे,
सड़क के उस पार
जाना है !!

किसलिए ?

हो रहा असहिष्णुता का उद्भव,दिल में हमारे किसलिए,
उदर में लिए नित फिर रहा, विद्वेष प्यारे किसलिए ?

खुद ही नजरो से छुपाता फिर रहा प्रेम एवं सत्यनिष्ठा,
हर तरफ झूठ पर पैबंद लगाकर, ढेर सारे किसलिए ?

कल तक जो थे आदर्श और प्रेरणास्रोत हमारी राह के ,
बनकर हमारे बीच ही रह गए,अब वो बेचारे किसलिए ?

हर डूबते को दिया जिसने तिनके का कल तक सहारा,
आज अपनों बीच रहकर हो गए,वो बेसहारे किसलिए ?

खुदगर्जी की हद ने हमें , नींद से महरूम कर दिया,
लगाते फिर रहे अंधेरो को गले,तजके उजारे किसलिए ?

Thursday, July 16, 2009

आया फिर सावन है !

बजने लगी है घंटियाँ और जल उठे
अनेको दीप पावन !
घुमड़-घुमड़कर,कही थका-थका सा,
आ गया फिर सावन ! !

दिशा-दिशा से सुनकर लोगो की
रहम की करुणामई गुजारिश !
तरस खा इन्द्रदेव ने कर दी
कही थोड़ी,कही अधिक बारिश !!

जहां कल तक थी कलियाँ मुरझाई
वहाँ आ गई है रुत सुहानी !
गली-कूचे,खेत-खलिहान,हरतरफ
दीख रहा बस बारिश का पानी !!

फूट पड़ने को बेचैन सोचता है
दूर पहाडी ढलान पर एक सोता ,
कि काश इस सुहानी घड़ी में
मेढकी ने गीत कोई गुनगुनाया होता !!